केंद्र सरकार पक्ष में नहीं लेकिन देश के इतने राज्यों में लग चुका है लॉकडाउन, यहां देखें लिस्ट

By: Pinki Wed, 05 May 2021 2:19:48

केंद्र सरकार पक्ष में नहीं लेकिन देश के इतने राज्यों में लग चुका है लॉकडाउन, यहां देखें लिस्ट

केंद्र सरकार देशभर में सम्पूर्ण लॉकडाउन लागू करने के पक्ष में नहीं है। लेकिन देश के कई राज्यों में सीमित या पूर्ण लॉकडाउन लगाया जा रहा है। उसका असर भी दिखने लगा है। कुछ राज्यों में कोरोना के मामले कम होने लगे है। ऐसे में आइए जानते हैं देश के किन-किन राज्यों में लॉकडाउन लगाया गया है और वहां कैसी पाबंदियां लगाई गई हैं...

उत्तर प्रदेश में 10 मई तक बढ़ा लॉकडाउन

योगी आदित्यनाथ सरकार ने अब लॉकडाउन को 10 मई यानी सोमवार सुबह सात बजे तक बढ़ा दिया है। दरअसल, पहले तीन दिन का वीकेंड लॉकडाउन लगाया गया था। इसके बाद फिर दो दिन का बढ़ाते हुए 6 मई सुबह सात बजे तक कर दिया गया था। लेकिन एक बार फिर इसे बढ़ाते हुए सोमवार सुबह 7 बजे तक बढ़ा दिया गया है। लिहाजा ये पूरा हफ्ता ही अब लॉकडाउन रहेगा। लॉकडाउन के दौरान पहले की तरह ही सभी पाबंदियां लागू रहेंगी। आवश्यक सेवाओं को छूट मिलती रहेगी। बेवजह घूमने वालों पर सख्ती बरती जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा है कि लॉकडाउन का असल मकसद तभी कामयाब होगा जब कोविड प्रोटोकॉल का पूरी सख्ती से कराया जाएगा।

छत्तीसगढ़ में 15 तक बढ़ा लॉकडाउन

मंगलवार को छत्तीसगढ़ में लॉकडाउन को 15 मई तक के लिए बढ़ा दिया गया। इसमें लॉकडाउन की मियाद बढ़ाने के साथ ही आम लोगों की सुविधा को देखते हुए कुछ राहत और छूट देने की बात कही गई है।

रायपुर और दुर्ग जिला, जहां संक्रमण कुछ हद तक नियंत्रण में है, इस वजह से इन दोनों जिलों में अतिरिक्त छूट दी गई है। गाइडलाइन के तहत मोहल्लों की किराना दुकानों को खोलने की अनुमति दी गई है, लेकिन दुकानें शाम पांच बजे तक ही खुली रहेंगी।

रविवार को पूर्ण लॉकडाउन रहेगा। इस दौरान केवल आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी दुकानें बंद रहेंगी।

बिहार में भी 15 मई तक लॉकडाउन

कोरोना के निरंतर बढ़ रहे मामलों को ध्यान में रख बिहार सरकार ने पांच मई से 15 मई तक बिहार में लॉकडाउन लगाने का निर्णय किया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को सरकार के इस फैसले की जानकारी ट्वीट के माध्यम से दी। इस दौरान राज्य सरकार के सभी कार्यालय, दुकानें, वाणिज्यक व निजी प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। आवश्यक खाद्य सामग्री, फल, सब्जी, मांस-मछली, दूध व पीडीएस दुकानें सुबह सात बजे से पूर्वाह्न 11 बजे तक ही खुलेंगी। अनावश्यक आवागमन पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। केवल रेल, वायुयान या फिर अन्य लंबी दूरी की यात्रा करने वाले ही पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग कर सकेंगे। सभी स्कूल, कॉलेज, कोचिंग, ट्रेनिंग व शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे। रेस्टोरेंट व खाने की दुकानें बंद रहेंगी। सभी प्रकार के आयोजनों पर प्रतिबंध रहेगा।

ओडिशा में 19 मई तक लॉकडाउन

ओडिशा में भी 19 मई तक लॉकडाउन लगाया गया है। ओडिशा में 15 दिनों का लॉकडाउन आज से ओडिशा में लॉकडाउन बुधवार से 19 मई तक जारी रहेगा। पुलिस कमिश्नर सौमेंद्र प्रियदर्शी ने कहा कि राशन, मछली, मांस, दूध आदि की दुकानें सुबह छह से दोपहर 12 बजे तक खुली रहेंगी। टीकाकरण कार्य एवं कोरोना परीक्षण का कार्य जारी रहेगा। पुलिस ऐसे लोगों को आवागमन करने से नहीं रोकेगी।

दिल्ली

दिल्ली में कोरोना वायरस लॉकडाउन को 10 मई तक आगे बढ़ाया गया है। दिल्ली में बीते हफ्ते एक सप्ताह के लिए लॉकडाउन बढ़ाने का फैसला लिया गया था। राष्ट्रीय राजधानी में 19 अप्रैल से लॉकडाउन लगा हुआ है और यह दस मई तक जारी रहेगा।

महाराष्ट्र

महाराष्ट्र में 5 अप्रैल को निषेधाज्ञा के साथ कर्फ्यू जैसा लॉकडाउन और लोगों की आवाजाही पर पाबंदियां लगाई थीं। पाबंदियां बाद में 15 मई तक बढ़ा दी गईं हैं।

पंजाब

पंजाब में मिनी लॉकडाउॉन, वीकेंड लॉकडाउन जैसे उपायों के अलावा व्यापक पाबंदियां हैं और 15 मई तक नाइट कर्फ्यू लागू रहेगा।

राजस्थान

17 मई तक लॉकडाउन जैसी पाबंदियां लागू हैं। गहलोत सरकार ने 3 मई से 17 मई 2021 तक 'महामारी रेड अलर्ट जन अनुशासन पखवाड़ा' घोषित किया है। सीएम गहलोत ने कहा है कि जीवन रक्षा के लिए कोविड प्रोटोकॉल की सख्ती से पालना कराना बहुत जरूरी है। उन्होंने निर्देश दिए कि सोमवार से शुरू हो रहे महामारी रेड अलर्ट जन अनुशासन पखवाडे़ की गाइडलाइन की पूरी कड़ाई से पालना करवाएं।

गुजरात


29 शहरों में रात्रि कर्फ्यू जारी है। इसके अलावा आवाजाही एवं सार्वजनिक स्थलों पर एकत्रित होने से मनाही है।

मध्य प्रदेश


मध्य प्रदेश में 7 मई तक 'कोरोना कर्फ्यू' लागू है जिसमें केवल आवश्यक सेवाओं को अनुमति है।

पश्चिम बंगाल


पिछले हफ्ते हर तरह की सभाओं पर प्रतिबंध सहित व्यापक पाबंदियां लगाई गईं।

असम

रात्रि कर्फ्यू को रात 8 बजे से सुबह 6 बजे किया गया जिसमें बुधवार से सार्वजनिक स्थलों पर लोगों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। नाइट कर्फ्यू 27 अप्रैल से 7 मई तक लागू है।

तमिलनाडु

तमिलनाडु में 20 मई तक सभी राजनीतिक, सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों पर रोक सहित व्यापक पाबंदियां लगाई हैं।

केरल

केरल में 4 मई से 9 मई तक लॉकडाउन जैसी कड़ी पाबंदियां लगाई गई हैं।

कर्नाटक

कर्नाटक में 27 अप्रैल की रात से 12 मई तक लॉकडाउन लगा है।

झारखंड

झारखंड में 22 अप्रैल से 6 मई तक लॉकडाउन है।

गोवा

गोवा में चार दिवसीय लॉकडाउन सोमवार को समाप्त हो गया लेकिन कलानगुटे और उत्तर गोवा के कैंडोलिम जैसे पर्यटक स्थलों पर लॉकडाउन जारी रहेगा। कोरोना के कारण पाबंदियां 10 मई तक जारी रहेंगी जिस दौरान विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगे जबकि राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों पर प्रतिबंध रहेगा।

आंध्र प्रदेश

आंध्र प्रदेश में 6 मई से दो हफ्ते के लिए दोपहर 12 बजे से सुबह 6 बजे तक आंशिक कर्फ्यू की घोषणा की गई है। राज्य में पहले नाइट कर्फ्यू लगा था।

तेलंगाना

तेलंगाना में 8 मई तक नाइट कर्फ्यू जारी है।

पुडुचेरी

पुडुचेरी में 10 मई तक लॉकडाउन बढ़ाया गया है।

नगालैंड

30 अप्रैल से 14 मई तक कड़े नियमों के साथ आंशिक लॉकडाउन लगाया गया है।

मिजोरम

आइजोल एवं अन्य जिला मुख्यालयों में 3 मई से 8 दिनों का लॉकडाउन।

जम्मू-कश्मीर

प्रशासन ने श्रीनगर, बारामूला, बडगाम और जम्मू जिलों में 6 मई तक लॉकडाउन बढ़ाया है। सभी 20 जिलों के निगम/शहरी स्थानीय निकाय सीमा में नाइट कर्फ्यू जारी है।

बीते दिन 3.37 लाख मरीज ठीक हुए

आपको बता दे, देश में 3 दिन लगातार मामलों में गिरावट के बाद मंगलवार को फिर कोरोना मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। देश में पिछले 24 घंटे में 3 लाख 82 हजार 847 नए लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई। यह आंकड़ा दुनिया में सबसे ज्यादा संक्रमित देश अमेरिका के नए कोरोना मरीजों से 9 गुना ज्यादा है। वहां बीते दिन 42,354 संक्रमितों की पहचान हुई। कोरोना की वजह से जान गंवाने वालों का आंकड़ा लगातार बढ़ते जा रहा है। देश में पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 3,783 लोगों की कोरोना से मौत हुई। यह एक दिन में होने वाली मौत के मामले में यह सबसे बड़ा आंकड़ा है। हालाकि, राहत की बात यह रही कि बीते दिन 3.37 लाख लोगों ने कोरोना को मात दी। यह भी एक रिकॉर्ड है। केंद्रीय स्वास्थ्य संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा है कि देश में एक और पॉजिटिव ट्रेंड है, तो वहीं रिकवरी रेट लगातार बढ़ रहा है। यह 2 मई को यह 78% था। 3 मई को 82% हो गया।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में कोरोना वायरस संक्रमण के 3,82,315 नए मामले सामने आए हैं। 3,780 लोगों की मौत हुई है। नए मामलों के बाद एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 34,87,229 हो गई है। मंगलवार को 3,38,439 लोग संक्रमण से ठीक भी हुए हैं।

हम WhatsApp पर हैं। नवीनतम समाचार अपडेट पाने के लिए हमारे चैनल से जुड़ें... https://whatsapp.com/channel/0029Va4Cm0aEquiJSIeUiN2i
पढ़ें Hindi News ऑनलाइन lifeberrys हिंदी की वेबसाइट पर। जानिए देश-विदेश और अपने प्रदेश से जुड़ीNews in Hindi

Home | About | Contact | Disclaimer| Privacy Policy

| | |

Copyright © 2024 lifeberrys.com